ताजा खबरेंविशेष

भजनलाल ने राजस्थान में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राजस्थान में सहकारिता आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत हो गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित समारोह में इस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, राजस्थान के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं सहकारी क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय की प्रमुख पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य टैक्सी चालकों को केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि सहकारी संस्था का सदस्य और सह-स्वामी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल में प्रत्येक यात्रा की राशि सीधे सारथी के खाते में जाती है तथा उसे संस्था के लाभ में भी हिस्सेदारी मिलती है।

उन्होंने बताया कि देशभर में भारत टैक्सी से अब तक लगभग 8 लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक जुड़ चुके हैं। प्रतिदिन करीब 11 हजार यात्राएं पूरी की जा रही हैं तथा सारथियों के खातों में अब तक 77 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान में इस सेवा का विस्तार सहकारिता आधारित मोबिलिटी मॉडल को नई गति देगा। आने वाले समय में इसे देश के लगभग 500 शहरों तक पहुंचाने की योजना है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी राज्य में रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस मॉडल में चालक केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि संस्था का सह-स्वामी होता है, जिससे उसमें स्वामित्व की भावना और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सारथियों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर में अब तक 30 हजार से अधिक सारथी और करीब 7 लाख ग्राहक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेवा राज्य में सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई दिशा देगी।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सारथियों को शेयर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा राजस्थान पुलिस, सरस, जयपुर नगर निगम और जयपुर मेट्रो के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। अंत में मुख्यमंत्री ने 60 कैब, 20 बाइक और 20 ऑटो के भारत टैक्सी काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close