ताजा खबरें

अस्पतालों में पहुंची कृभको की ऑक्सीजन; फैली खुशी की लहर

देशभर में कोरोना वायरस संकट के बीच ऑक्सीजन की कमी को लेकर उर्वरक सहकारी संस्था “कृभको” ने ऑक्सीजन की पहली खेप झांसी रवाना की।

कृभको के अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बोर्ड के सदस्यों और कर्मचारियों को बधाई की। इसके अलावा, संस्था की सूरत स्थित हजीरा इकाई में स्थापित ऑक्सीजन संयंत्र भी अब पूरी तरह से चालू हो गया है। सूरत के मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन प्लांट की दैनिक उत्पादन क्षमता 100 डी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर होगी। 

इससे पहले कृभको ने केएफएल इकाई, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश में एक ऑक्सीजन संयंत्र चालू किया था। वहीं केएफएल यूनिट से ऑक्सीजन की पहली खेप भी शनिवार को झांसी पहुंची। 

हजीरा में स्थापित ऑक्सीजन संयंत्र का उद्घाटन शनिवार को झांसी से कृभको के अध्यक्ष डॉ चंद्र पाल सिंह ने बोर्ड के सदस्यों और शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में किया।  

इस अवसर पर बोलते हुए कृभको के अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रबंध निदेशक राजन चौधरी के नेतृत्व वाली टीम को बधाई दी और कहा कि हजीरा संयंत्र सूरत और आसपास के अस्पतालों में मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की मुफ्त आपूर्ति करेगा। 

यादव ने कहा कि जिस गति से काम पूरा किया गया उससे कृभको टीम का समर्पण दिखाई पड़ता है। उन्होंने परियोजना अधिकारी श्री शर्मा का विशेष धन्यवाद किया।

इस अवसर पर अपनी टिप्पणी में कृभको के एमडी राजन चौधरी ने बोर्ड और अध्यक्ष को उनके भरपूर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। एमडी ने कहा, “हमारे अध्यक्ष ने हमें हर कदम पर प्रोत्साहित किया और हमारे सभी प्रयासों के लिए बिना शर्त समर्थन दिया।”   

अपनी टीम की सराहना करते हुए, एमडी ने कहा, “जब से हमारे अध्यक्ष ने मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन करने की इच्छा व्यक्त की, पूरी टीम एक अभूतपूर्व उत्साह के साथ काम में लग गई”।

गुजरात के कृभको के बोर्ड सदस्य परेश पटेल, बिस्कोमॉन के अध्यक्ष सुनील सिंह सहित अन्य ने चंद्र पाल के नेतृत्व की सराहना की।

जिस दिन संयंत्र का उद्घाटन हुआ था उस दिन सोशल मीडिया पर कृभको और विशेष रूप से चंद्रपाल को लोगों ने काफी बधाई दी थी। इस अवसर पर कृभको प्लांट की एक फिल्म भी तैयार की गयी।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close