ताजा खबरेंविशेष

केएसएसएफसीएल ने 108 नए सीएससी के साथ मनाई 25वीं वर्षगांठ

कर्नाटक स्टेट सौहार्द फेडरल कोऑपरेटिव लिमिटेड (केएसएसएफसीएल) ने बेंगलुरु में अपनी 25वीं वर्षगांठ बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाई। रॉयल त्रिपुरवासिनी, पैलेस ग्राउंड्स में आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में कर्नाटक के 31 जिलों से करीब 2,700 सहकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वार्षिक आमसभा के साथ तकनीकी, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

समारोह का उद्घाटन कर्नाटक सरकार के सहकारिता विभाग के सचिव एस.बी. शेट्टन्नावर, आईएएस ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य में सौहार्द सहकारी आंदोलन बेहतर ढंग से काम कर रहा है।

इस अवसर पर एस.बी. शेट्टन्नावर ने सिल्वर जुबली स्मारिका ‘बेल्ली बेलकु’ और केएसएसएफसीएल के एक अन्य प्रकाशन का विमोचन किया। सौहार्द अधिनियम, 2025 में हालिया संशोधनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन संशोधनों को लेकर कई सौहार्द सहकारी समितियों में असंतोष है और उन्होंने न्यायालय का रुख किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस मुद्दे का समाधान सरकार के साथ बातचीत के जरिए भी निकाला जा सकता है।

केएसएसएफसीएल की वार्षिक आमसभा की शुरुआत अध्यक्ष जी. नंजन गौड़ा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। उपाध्यक्ष ए.आर. प्रसन्न कुमार ने अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा निदेशकों का परिचय कराया।

अध्यक्ष जी. नंजन गौड़ा ने कर्नाटक और देश में सौहार्द सहकारी आंदोलन की प्रगति पर प्रकाश डाला। प्रबंध निदेशक शरणगौड़ा जी. पाटिल ने एजेंडा और विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन्हें सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

समारोह का प्रमुख आकर्षण 108 नए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का उद्घाटन रहा। सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डॉ. एम.वी. वेंकटेश ने इन केंद्रों का उद्घाटन करते हुए सौहार्द सहकारी समितियों की स्वायत्तता, स्वशासन और स्व-नियमन की सराहना की।

कार्यक्रम में 41 कंपनियों की भागीदारी वाला टेक्नो फेयर आयोजित किया गया, जहां सहकारी संस्थाओं को डिजिटल समाधान, आधुनिक तकनीक और नवीन सेवाओं से परिचित कराया गया। इसके अलावा विक्टोरिया अस्पताल, बेंगलुरु के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 15 डॉक्टरों और 25 सहयोगी कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।

समारोह में 2025 सहकार रत्न पुरस्कार विजेताओं, उत्कृष्ट सहकारियों और सर्वश्रेष्ठ सौहार्द सहकारी समितियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों का भी विशेष अभिनंदन किया गया।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close