ताजा खबरेंविशेष

हरियाणा में बनेगी दुनिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी

हरियाणा के गन्नौर में दुनिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी स्थापित की जा रही है, जो 5500 एकड़ में होगी। इसे बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। यह बात हाल ही में हरियाणा के कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की उपस्थिति में कही।

इस मौके पर तोमर ने सोनीपत (हरियाणा) के अटेरना गांव में प्रदेशभर के 30 एकीकृत पैक हाउस का उद्घाटन किया। उन्होंने हरियाणा सरकार के उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में, राज्य में किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा की।

“हरियाणा में 30 पैक हाउस एफपीओ के माध्यम से प्रदेशभर में बनाए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में 100 पैक हाउस नहीं, बल्कि 500 पैक हाउस बनाने की बात कही है। 100 पैक हाउस लगने से हरियाणा की तस्वीर बदल जाएगी, वहीं 500 पैक हाउस से तो प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में क्रांति आ जाएगी”, तोमर ने कहा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा खेती में अग्रणी राज्य है। यहां का किसान अच्छी अवस्था में है। पिछले 7 से 8 सालों में खेती में नवाचार हुए हैं। किसान और खेती को विकसित करने के लिए प्रयास हुए हैं। हरियाणा सरकार ने मोटा अनाज खरीद कर किसानों की मदद की है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार की नई-नई योजनाओं के परिणाम आने लगे हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व कृषि मंत्री श्री जे.पी. दलाल के कृषि क्षेत्र को लेकर उठाए जा रहे कदमों की तारीफ भी की।

अपने संबोधन में दलाल ने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब हरियाणा के किसानों के उत्पाद अमेरिका व दूसरे देशों में जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान श्री मोदी व श्री मनोहर लाल की नीतियों से प्रभावित है। किसानों की समृद्धि से हरियाणा में समृद्धि आएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 एक्सिलेंसी सेंटर हैं, जिनके माध्यम से करोड़ों पौधे किसानों को तैयार करके दिए जा रहे हैं। हरियाणा के किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने नहरों के बजट को दोगुना कर दिया है। सिंचाई के क्षेत्र में 85 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है।

हरियाणा सरकार ने तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए पौंड अथॉरिटी बनाई है। इसके साथ-साथ खारे पानी के किसानों को झींगा पालन के लिए प्रोत्साहित किया है। जिस जमीन पर पहले किसान सालाना 20 से 30 हजार रुपये आमदनी लेता था, आज झींगा पालन से 20 से 30 लाख रु. आमदनी ले रहा है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close