
कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 824.68 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया है। इस प्रदर्शन के साथ कृभको ने अपनी सदस्य सहकारी समितियों की इक्विटी पूंजी पर 20 प्रतिशत लाभांश घोषित किया है।
नई दिल्ली स्थित द अशोक होटल में आयोजित कृभको की 46वीं वार्षिक आमसभा की अध्यक्षता कृभको के चेयरमैन वी. सुधाकर चौधरी ने की। आमसभा में निदेशक मंडल के सदस्यों के साथ देशभर की सदस्य सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
वित्त वर्ष के दौरान कृभको ने उत्पादन और परिचालन के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी ने 21.34 लाख मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन किया, जबकि क्षमता उपयोग 97.26 प्रतिशत रहा। अमोनिया उत्पादन 12.39 लाख मीट्रिक टन रहा और क्षमता उपयोग 99.36 प्रतिशत दर्ज किया गया।
कृभको ने वर्ष के दौरान यूरिया और फॉस्फेट एवं पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों सहित कुल 45.37 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की बिक्री की। इसके उत्पाद पोर्टफोलियो में नीम कोटेड यूरिया, आयातित डीएपी, एमएपी, एमओपी, कॉम्प्लेक्स उर्वरक, जैव उर्वरक, कंपोस्ट, प्रमाणित एवं हाइब्रिड बीज, एसएसपी, जिंक सल्फेट, प्राकृतिक पोटाश, माइकोराइजा और समुद्री शैवाल आधारित जैव-उत्तेजक शामिल रहे।
कृभको की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (केएफएल) ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। केएफएल ने 11.02 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 6.68 लाख मीट्रिक टन अमोनिया का उत्पादन किया तथा क्रमशः 127.48 प्रतिशत और 133.16 प्रतिशत क्षमता उपयोग हासिल किया। कंपनी ने वर्ष के लिए 14.40 करोड़ रुपये का लाभांश घोषित किया।
कृभको के प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव ने कहा कि कृभको और उसकी सहायक कंपनियों ने वर्ष के दौरान उत्पादन तथा परिचालन दक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखा।
कृभको एग्री बिजनेस लिमिटेड (केएबीएल) ने भी समूह के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया और वित्त वर्ष 2025-26 में 1,919.35 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया। इसमें घरेलू कारोबार 1,436.81 करोड़ रुपये और निर्यात 482.54 करोड़ रुपये रहा।
वहीं, कृभको ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (केजीईपीएल) गुजरात के हजीरा और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में दो संयंत्रों का निर्माण कर रही है। दोनों परियोजनाओं के वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान चालू होने की उम्मीद है।
आमसभा के दौरान गुजरात के शंकरभाई चौधरी को कृभको सहकारिता शिरोमणि पुरस्कार और मध्य प्रदेश के भगवान सिंह यादव को कृभको सहकारिता विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. चंद्र पाल सिंह यादव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।



