ताजा खबरें

वामनिकॉम ने सीआरसीएस, सीआईए के लिए एक्सपोज़र विज़िट की आयोजित

वैकुंठ मेहता राष्ट्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (वामनिकॉम), पुणे ने 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक केंद्रीय सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (सीआरसीएस), सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण (सीईए) और सहकारी लोकपाल के अधिकारियों के लिए चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहकारी व्यावसायिक मॉडलों तथा बहुराज्य सहकारी समिति अधिनियम, 2002 के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन वामनिकॉम के निदेशक डॉ. सुवा कांता मोहंती ने किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मजबूत सहकारी संस्थाओं के निर्माण में क्षेत्रीय अनुभव, प्रेरणा और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफल सहकारी संस्थाओं का अध्ययन उनके कामकाज, उपलब्धियों और सहकारी आंदोलन में योगदान को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करता है।

शैक्षणिक सत्र में महाराष्ट्र राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के आयुक्त एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनिल कावड़े ने महाराष्ट्र के सहकारी आंदोलन तथा बहुराज्य सहकारी समिति अधिनियम, 2002 के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।

चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सहकारी ऋण, बैंकिंग, कृषि, कृषि प्रसंस्करण, चीनी और डेयरी क्षेत्रों की संस्थाओं का भ्रमण कराया गया। पहले दिन प्रतिभागियों ने तुलजाभवानी मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड और अन्नपूर्णा का दौरा किया।

दूसरे दिन पवित्रक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, द कॉसमॉस को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड तथा वेंकटेश्वर को-ऑपरेटिव पावर एंड एग्रो प्रोसेसिंग लिमिटेड का भ्रमण किया गया। तीसरे दिन प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई के वडाला स्थित महाराष्ट्र अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स फेडरेशन और माटुंगा पश्चिम स्थित शिवसह्याद्री सहकारी पतपेढ़ी लिमिटेड का दौरा किया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों ने भीमाशंकर सहकारी साखर कारखाना लिमिटेड और अमूल सैटेलाइट डेयरी का भ्रमण किया तथा चीनी और डेयरी क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं के संचालन को करीब से समझा।

इन भ्रमणों के दौरान प्रतिभागियों को सदस्य सहभागिता, वित्तीय प्रबंधन, पेशेवर प्रशासन, संस्थागत संचालन और विभिन्न क्षेत्रों में सहकारी व्यावसायिक मॉडलों के क्रियान्वयन की प्रत्यक्ष जानकारी मिली। इससे अधिकारियों को सहकारी कानूनों के प्रावधानों और संस्थाओं के वास्तविक कामकाज के बीच संबंधों को समझने का अवसर भी मिला।

पूरे कार्यक्रम के दौरान अध्ययन भ्रमण का समन्वय डॉ. डी. रवि ने किया, जबकि 28 अक्टूबर को वामनिकॉम के संकाय सदस्य डॉ. अरविंद दर्शना भी टीम के साथ शामिल हुए।

कार्यक्रम में राकेश कुमार जायसवाल (एएसओ), डॉ. मिली सक्सेना (एससीओ), सचिन कुमार (एससीओ), पंकज कुमार झा (यूएस), विनय कुमार गिन्नी (एडी), अमित सचदेवा (एसटीए) और जगदेशा एम. (एससीओ) ने भाग लिया।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close