
मुंबई स्थित द जोरोएस्ट्रियन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन करते हुए नेट प्रॉफिट में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2024-25 के 4.71 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 7.12 करोड़ रुपये हो गया।
पिछले सप्ताह आयोजित बैंक की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष होमा डी. पेटिट ने इसे बैंक की 100 वर्ष की यात्रा का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने संस्थापकों, शेयरधारकों, ग्राहकों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों के प्रति उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पेटिट ने कहा कि बैंक की औसत जमा और औसत ऋण वितरण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। बैंक का सकल गैर-निष्पादित आस्ति (जीएनपीए) घटकर 0.12 प्रतिशत रह गया, जो एक वर्ष पहले 0.85 प्रतिशत था। वहीं, शुद्ध एनपीए (नेट एनपीए) शून्य बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पहले से बट्टेखाते में डाले गए खातों से 3.45 करोड़ रुपये की वसूली की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 100 प्रतिशत अधिक है।
बैंक के विकास का उल्लेख करते हुए पेटिट ने कहा कि अब यह सभी वर्गों के ग्राहकों को सेवाएं देने वाला एक वास्तविक कॉस्मोपॉलिटन बैंक बन चुका है। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में विशेष रूप से युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई ग्राहक-अनुकूल पहल शुरू की जाएंगी तथा प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी दलजीत डोगरा ने कहा कि बैंक अब बैंकिंग उत्पादों और सेवाओं की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध करा रहा है तथा करीब 90 प्रतिशत लेनदेन डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षित और निर्बाध डिजिटल बैंकिंग सुनिश्चित करने के लिए बैंक ने मजबूत साइबर सुरक्षा प्रणाली लागू की है तथा ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई डिजिटल सेवाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में बैंक आवास, वाहन और शिक्षा ऋण पर विशेष ध्यान देते हुए अपने खुदरा ऋण कारोबार का और विस्तार करेगा। साथ ही सुरक्षित व्यक्तिगत ऋण, सोलर ऋण तथा स्कूल और स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण जैसी नई योजनाएं शुरू की जाएंगी। इन शिक्षा ऋणों में छात्राओं के लिए विशेष रियायतें भी प्रदान की जाएंगी।



