ताजा खबरेंविशेष

सहकारी नेताओं ने भी स्वास्थ्य कर्मियों का किया आभार

प्रधानमंत्री के आह्वान पर कई प्रमुख सहकारी नेताओं ने रविवार सुबह सात से रात नौ बजे के बीच ‘जनता कर्फ्यू’ का पालन और समर्थन किया। कई नेताओं ने घंटी बजाकर स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य आवश्यक सेवा में लगे कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन सहकारी नेताओं में दिग्गज सहकारी नेता दिलीप संघानी, इफको के एमडी डॉ यूएस अवस्थी, सहकार भारती के नेता उदय जोशी सहित अन्य भी शामिल थे।

दिलीपभाई संघानी ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा, “लोगों की सेवा में लगे डॉक्टरों, नर्सों, सैनिकों और सरकारी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जो कोरोना से लड़ने के लिये अपना योगदान दे रहे हैं उन सभी का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद”।

इफको के एमडी डॉ यूएस अवस्थी और उनकी पत्नी श्रीमती रेखा अवस्थी ने स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि “महामारी# कोरोना के खिलाफ लड़ाई में योगदान देने वाले सभी को सलाम। कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए सभी डॉक्टर्स, नर्सों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं, सभी स्वास्थ्य सेवा कर्मियों और सरकार के अथक परिश्रम को सलाम करने में मैं अपनी पत्नी रेखा अवस्थी के साथ शामिल हुआ।“

सहकार भारती के महासचिव उदय जोशी भी  स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने घर के बाहर लोगों के बीच शामिल हुये। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर भवन के निवासियों के साथ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के आभार में तालियां बजाने में शामिल हुआ।

इसके अलावा, बिस्कोमान के चेयरमैन सुनील कुमार सिंह, मध्य प्रदेश से महिला सहकारी नेता अलका श्रीवास्तव, बाराबंकी डीसीसीबी के चेयरमैन धीरेंद्र कुमार वर्मा और कई अन्य सहकारी नेताओं ने स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार प्रकट किया।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “जनता कर्फ्यू” का पालन करने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए तालिया बजाने के आह्वान का समर्थन करने के लिए लोगों का धन्यवाद किया।

आज पूरा देश कोरोना वायरस के संकट से जूझ रहा है। कई शहर जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु सहित अन्य को पूर्ण रूप से लॉकडाउन के दायरे में रखा जा रहा है ताकि इस वायरस से बचा जा सके।

एनडीटीवी की एक खबर के मुताबिक, 31 मार्च तक लॉकडाउन के दायरे में रखे जाने की संभावना वाले राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पुदुचेरी और उत्तराखंड शामिल हैं।

कोरोना के संक्रमण के चलते, ट्रेनों, मेट्रो और यहां तक की हवाई यात्रा पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। अधिकांश राज्यों में बाजार, मॉल, सिनेमा, स्कूल, कॉलेज और जिम पहले से ही बंद हैं। कई राज्यों ने धारा 144 भी लगाई है, जिसके तहत पांच से अधिक लोगों के  इकट्ठा होने पर प्रतिबंध रहता है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close