
इफको के चेयरमैन दिलीप सांघानी को इंटरनेशनल कोऑपरेटिव अलायंस (आईसीए) के ग्लोबल बोर्ड में एट-लार्ज डायरेक्टर के रूप में निर्वाचित किया गया है। पनामा सिटी में 15 सितंबर को आयोजित आईसीए ग्लोबल कॉन्फ्रेंस एवं महासभा के दौरान हुए चुनाव में सांघानी को 526 वोट मिले। इस चुनाव में वे भारत के एकमात्र उम्मीदवार थे।
15 एट-लार्ज डायरेक्टर पदों के लिए विभिन्न देशों के सहकारी नेताओं के बीच मुकाबला हुआ। 526 वोटों के साथ सांघानी ने कुल उम्मीदवारों में तीसरा सबसे अधिक वोट हासिल किया और एशिया, अफ्रीका तथा यूरोप के उम्मीदवारों में सर्वाधिक वोट पाने वाले उम्मीदवार बने।
सांघानी के निर्वाचन के साथ वैश्विक सहकारी आंदोलन के शीर्ष शासी निकाय में भारत को प्रत्यक्ष प्रतिनिधित्व मिला है। उनका निर्वाचन अंतरराष्ट्रीय सहकारी क्षेत्र में भारत की बढ़ती भागीदारी और प्रभाव को भी रेखांकित करता है। आईसीए के अनुसार, 2026 के चुनाव में 15 एट-लार्ज डायरेक्टर पदों के लिए विभिन्न देशों के सहकारी नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी।
सांघानी की उम्मीदवारी को भारतीय सहकारी क्षेत्र के एक मजबूत प्रतिनिधिमंडल का समर्थन प्राप्त था। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के पास करीब 25 वोट थे। इसके अलावा, कई देशों के सहकारी संगठनों और नेताओं ने भी उनके चुनाव अभियान को समर्थन दिया।
चार दशक से अधिक के सार्वजनिक और सहकारी क्षेत्र के अनुभव वाले सांघानी गुजरात विधानसभा के दो कार्यकाल सदस्य रहे और इसके बाद अमरेली से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए, जहां उन्होंने चार कार्यकाल पूरे किए। वे गुजरात सरकार में कई मंत्री पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
सांघानी राष्ट्रीय सहकारी संघ (एनसीयूआई) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वर्तमान में इफको के चेयरमैन हैं। उनके आईसीए उम्मीदवार प्रोफाइल के अनुसार, इफको से 35,700 प्राथमिक सहकारी समितियां जुड़ी हैं, जो 5 करोड़ से अधिक किसानों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
आईसीए ग्लोबल बोर्ड में कुल 30 सदस्य होते हैं, जिनमें अध्यक्ष, चार क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, आठ सेक्टोरल संगठनों के प्रतिनिधि, यूथ और जेंडर इक्वैलिटी कमेटियों के अध्यक्ष तथा सदस्यों द्वारा सीधे निर्वाचित 15 एट-लार्ज डायरेक्टर शामिल होते हैं।
इस चुनाव में इफको की कोऑपरेटिव रिलेशंस टीम के प्रमुख तरुण भार्गव की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने सांघानी के लिए समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भार्गव इससे पहले उत्तर प्रदेश के आदित्य यादव के आईसीए ग्लोबल बोर्ड में दो बार निर्वाचन के लिए भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। उन्होंने डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव के आईसीए एशिया-प्रशांत क्षेत्र के अध्यक्ष चुने जाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इसके अलावा, एनसीयूआई से सेवानिवृत्ति के बाद इफको में सलाहकार के रूप में जुड़ीं सावित्री सिंह ने भी सांघानी के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने और उनके चुनाव अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।



