ताजा खबरें

एमएससी बैंक ने लगातार 12वें साल 10% लाभांश की घोषणा की

महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक (एमएससी बैंक) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर लगातार 12वें वर्ष 10% लाभांश देने की घोषणा की है। बैंक की 115वीं वार्षिक आमसभा मुंबई में आयोजित हुई, जिसमें लाभांश प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

आमसभा में महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, प्रवीण दरेकर, विधान परिषद सदस्य संजय भेंडे, विधायक अभिजीत पाटील, पूर्व विधायक राजेश टोपे, पूर्व सांसद आनंदराव अडसूळ तथा पुणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिगंबर दुर्गाडे सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील ने बैंक की वित्तीय प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासक विद्याधर अनास्कर और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने वाशी स्थित एमएससी बैंक के प्रशासनिक कार्यालय में स्थापित आधुनिक साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर की सराहना की और अधिक जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंकों तथा शहरी सहकारी बैंकों से इससे जुड़ने का आग्रह किया।

बैंक की वित्तीय स्थिति प्रस्तुत करते हुए विद्याधर अनास्कर ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक की नेटवर्थ 15,747 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 351 करोड़ रुपये अधिक है। बैंक के अनुसार, यह देश के सहकारी बैंकों में सर्वाधिक नेटवर्थ है।

वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का शुद्ध लाभ 702 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 651 करोड़ रुपये था। बैंक ने स्पष्ट किया कि इस लाभ में सरकार से लंबित गारंटी संबंधी भुगतान के तहत प्राप्त कोई राशि शामिल नहीं है।

बैंक का ऋण पोर्टफोलियो 36,240 करोड़ रुपये, जमा 20,009 करोड़ रुपये और कुल कारोबार 56,249 करोड़ रुपये रहा। बैंक का सीआरएआर 18.50%, क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात 79% और नेट एनपीए 1.64% रहा। प्रोविजनिंग कवरेज रेशियो 82% दर्ज किया गया।

एमएससी बैंक ने लगातार 14वें वर्ष ‘ए’ ऑडिट वर्गीकरण भी बरकरार रखा है। बैंक को पहली बार आईएसओ 27001:2022 अंतरराष्ट्रीय सूचना सुरक्षा प्रमाणन भी प्राप्त हुआ है।

आमसभा में 10% लाभांश के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ बैंक के वित्तीय प्रदर्शन के लिए प्रशासन को बधाई देने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close