
वरिष्ठ सहकारिता नेता और भारतीय जनता पार्टी (रत्नागिरी दक्षिण) के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक पटवर्धन को महाराष्ट्र राज्य सहकारी पतसंस्था फेडरेशन का नया अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है।
सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए महाराष्ट्र के क्रेडिट सेक्टर से जुड़ी अंजली पाटिल और शशिकांत राजोबा भी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। हालांकि, सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद दीपक पटवर्धन के नाम पर मुहर लगी और उन्हें सर्वसम्मति से चुन लिया गया।
बताया जा रहा है कि इस चुनाव में सहकार भारती के वरिष्ठ नेता सतीश मराठे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मराठे और फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष काका कोयटे ने निदेशक मंडल के सभी सदस्यों से व्यापक चर्चा और परामर्श के बाद ऐसा निर्णय लिया, जिस पर सभी की सहमति बनी।
इस बीच, काका कोयटे को फेडरेशन का कार्यकारी अध्यक्ष (वर्किंग चेयरमैन) नियुक्त किया गया है।
निर्वाचन के बाद भारतीय सहकारिता से बातचीत में दीपक पटवर्धन ने निदेशक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं निदेशक मंडल के सभी सदस्यों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताकर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मैं फेडरेशन के हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा तथा संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा। यह मेरे लिए गर्व का क्षण है।”
अपनी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए पटवर्धन ने कहा कि सहकारी ऋण आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए सुशासन, प्रशिक्षण और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “पतसंस्थाओं का आधार विश्वास है। ये संस्थाएं अपने नियमों, विनियमों और सहकारी सिद्धांतों के आधार पर संचालित होती हैं। हमारा ध्यान नियामकीय अनुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, निदेशकों और सदस्यों को प्रशिक्षण देने तथा संस्थागत सुशासन को मजबूत करने पर रहेगा।”
पटवर्धन ने आगे बताया कि फेडरेशन से वर्तमान में लगभग 3,000 सदस्य पतसंस्थाएं जुड़ी हुई हैं, जबकि महाराष्ट्र में करीब 16,000 सहकारी पतसंस्थाएं कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य की सभी पतसंस्थाओं का एक प्रामाणिक और अद्यतन डेटाबेस तैयार करना होगी।
पटवर्धन को सहकारी बैंकिंग और सहकारिता क्षेत्र के नेताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इनमें नेशनल अर्बन को-ऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ज्योतिंद्र मेहता, सारस्वत बैंक के अध्यक्ष गौतम ठाकुर, एसवीसी बैंक के अध्यक्ष दुर्गेश चंद्रावरकर, टीजेएसबी बैंक के अध्यक्ष शरद गंगल तथा महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के प्रशासकीय बोर्ड के अध्यक्ष विद्याधर अनास्कर सहित कई प्रमुख सहकारी नेताओं के नाम शामिल हैं।



