ताजा खबरेंविशेष

खेती में तकनीकी प्रयोग के लिए कर्नाटक मॉडल की सराहना

सोमवार को पांच अहम विषयों पर आयोजित मुख्यमंत्रियों व कृषि मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि डिजीटल एग्रीकल्चर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना साकार करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने 5.5 करोड़ किसानों से संबंधित डाटा तैयार कर लिया है, राज्यों के सहयोग से दिसंबर-2021 तक आठ करोड़ से अधिक किसानों का डाटा बेस बन जाएगा जो कृषि व किसानों की प्रगति के लिए राज्यों, केंद्रीय विभागों व विभिन्न संस्थाओं को उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र सबके लिए महत्व का है व सरकार की शीर्षतम प्राथमिकताओं में रहा है, जिसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता और शिद्दत के साथ काम कर रही है।

पीएम-किसान का डाटा किसान क्रेडिट कार्ड के डाटा से समेकित करने के फलस्वरूप कोविड-काल में 2.37 करोड़ से अधिक किसानों के बीच बैंकों द्वारा केसीसी के माध्यम से दो लाख 44 हजार करोड़ रू. का ऋण प्रवाह किया गया है। तोमर ने कर्नाटक के क्राप सर्वे प्रोजेक्ट का उदाहरण देकर अन्य राज्यों से इसे अपनाने का आग्रह भी किया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज हमारे देश में बेहतर माहौल है। केंद्र व राज्यों के संयुक्त प्रयासों से प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में किसानों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए बहुत काम हो रहा है। मोदी जी ने सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास के साथ अब सबका प्रयास का मंत्र दिया है और यह कांफ्रेंस इसी की प्रतीक है।

करीब एक दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, मुख्य सचिव तथा कृषि विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक शामिल हुए, जिन्होंने भारत सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में सहयोग की बात कही और अपने विभिन्न सुझाव दिए, वहीं राज्यों में पेश आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया।

उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्रगति के लिए चर्चा हेतु रखे गए पांच विषयों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर अमल करने का भरोसा दिया।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे व श्री कैलाश चौधरी, खाद्य सचिव श्री सुधांशु पांडे भी उपस्थित थे।

संचालन केंद्रीय कृषि सचिव श्री संजय अग्रवाल ने किया। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री विवेक अग्रवाल व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विविध प्रेजेन्टेशन दिए।

 

 

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close