
सहकारिता मंत्रालय ने सोमवार को शहरी सहकारी बैंकों (यूसीबी) और क्रेडिट सहकारी समितियों के रूपांतरण के लिए गठित टास्क फोर्स की प्रगति की समीक्षा की। नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता सहकारिता सचिव अशिष भूटानी ने की।
बैठक में टास्क फोर्स द्वारा तैयार की गई सिफारिशों की समीक्षा की गई तथा शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को नीतिगत सुधारों, बेहतर प्रशासन (गवर्नेंस), डिजिटल परिवर्तन, नियामकीय अनुपालन, वित्तीय स्थिरता और परिचालन दक्षता के माध्यम से सुदृढ़ बनाने के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा हुई।
विचार-विमर्श के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि शहरी सहकारी बैंकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि वे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।
बैठक में सहकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव रमन कुमार, निदेशक कुमार रामकृष्ण, नेफकॉब के अध्यक्ष लक्ष्मी दास, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार दुआ, सहकारिता मंत्रालय एवं नेफकॉब के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सहकारी बैंकिंग विशेषज्ञ डी. कृष्णा ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।
भारतीय सहकारिता से बातचीत में नेफकॉब के अध्यक्ष लक्ष्मी दास ने बताया कि टास्क फोर्स पिछले लगभग दो वर्षों से यूसीबी क्षेत्र के व्यापक रूपांतरण के लिए रोडमैप तैयार करने पर कार्य कर रही है। इसके तहत टास्क फोर्स प्रत्येक छह महीने में अपनी विस्तृत रिपोर्ट सहकारिता मंत्रालय को प्रस्तुत करती है।
उन्होंने बताया कि अब तक टास्क फोर्स लगभग 200-200 पृष्ठों की चार विस्तृत रिपोर्टें मंत्रालय को सौंप चुकी है। इन रिपोर्टों में शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र का व्यापक विश्लेषण किया गया है, जिसमें शाखाओं का वितरण, बैंकिंग सुविधाओं से वंचित एवं कम सेवा प्राप्त क्षेत्रों में बैंकिंग पहुंच, परिचालन एवं नियामकीय चुनौतियां, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मानदंड, गवर्नेंस संबंधी मुद्दे तथा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक नीतिगत उपाय शामिल हैं।
लक्ष्मी दास ने कहा कि टास्क फोर्स को अपना कार्य पूरा करने से पहले अभी दो और रिपोर्टें प्रस्तुत करनी हैं। अंतिम रिपोर्ट जून 2027 तक सौंपे जाने की संभावना है। यह रिपोर्ट देशभर के शहरी सहकारी बैंकों और क्रेडिट सहकारी समितियों के दीर्घकालिक रूपांतरण, आधुनिकीकरण और सतत विकास के लिए एक व्यापक खाका (ब्लूप्रिंट) प्रस्तुत करेगी।



