ताजा खबरें

शाह ने गुजरात में भारत टैक्सी लॉन्च की; सहकारी मोबिलिटी पर जोर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र में सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ का गुजरात में औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, सहकारिता मंत्री जीतूभाई वाघाणी, सहकारिता राज्य मंत्री रमेशभाई कटारा, सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी तथा भारत टैक्सी के अध्यक्ष डॉ. जयेन मेहता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी केवल एक टैक्सी सेवा नहीं, बल्कि सहकारिता आधारित ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसमें ड्राइवर नहीं बल्कि ‘सारथी’ मालिक और भागीदार होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों को सम्मान, सुरक्षा, मालिकाना हिस्सेदारी और बेहतर आय उपलब्ध कराना है, साथ ही यात्रियों को विश्वसनीय और पारदर्शी परिवहन सेवा देना है।

उन्होंने कहा कि ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं में अत्यधिक कमीशन, भुगतान में देरी और बिना सुनवाई के अकाउंट बंद करने जैसी शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में सहकारी मॉडल इन समस्याओं का स्थायी समाधान बन सकता है। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सारथियों के हितों की रक्षा करेगी और भविष्य में उन्हें ऋण, बीमा तथा व्यवसाय विस्तार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी।

अमित शाह ने बताया कि अब तक भारत टैक्सी से 7 लाख से अधिक सारथी जुड़ चुके हैं, जबकि करीब 37 लाख ग्राहक इसकी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि निजी कंपनियों की अस्थायी मूल्य प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारत टैक्सी पीछे नहीं हटेगी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि एनसीडीसी, इफको, कृभको, एनडीडीबी, नाबार्ड, एनसीईएल और अमूल जैसी प्रमुख सहकारी संस्थाओं ने इस पहल का समर्थन किया है, जिससे मोबिलिटी क्षेत्र में सहकारिता का मजबूत विकल्प तैयार हुआ है।

शाह ने घोषणा की कि 31 जुलाई 2026 तक भारत टैक्सी सात प्रमुख शहरों में अपनी सेवाएं शुरू कर देगी, जबकि अगले डेढ़ से दो वर्षों में इसका विस्तार 500 से अधिक शहरों और कस्बों तक किया जाएगा। नागपुर, पुणे, मुंबई, लखनऊ, चंडीगढ़, जयपुर और कोलकाता उन प्रमुख शहरों में शामिल हैं, जहां सेवाओं का विस्तार प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी ने अपने विस्तार को गति देने के लिए गुजरात ट्रैफिक पुलिस, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (राजकोट एवं सूरत), गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, अहमदाबाद नगर निगम, गुजरात राज्य सहकारी बैंक, अदानी एयरपोर्ट, पश्चिम रेलवे (अहमदाबाद मंडल) और वडोदरा एयरपोर्ट सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सारथियों को शेयर प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close