ताजा खबरेंविशेष

अमीन ने क्रेडिट कोऑप्स से नई तकनीक अपनाने का किया आह्वान

गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटीज फेडरेशन के अध्यक्ष घनश्यामभाई अमीन ने क्रेडिट सोसायटियों से अपने कामकाज में आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बदलते प्रतिस्पर्धी माहौल में टिके रहने और सतत विकास के लिए क्रेडिट सोसायटियों को तकनीकी एवं प्रबंधकीय स्तर पर बदलाव करना होगा।

अमीन फेडरेशन की 30वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) और राज्य स्तरीय सहकारी क्रेडिट सोसायटीज सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सहकारी आंदोलन का महत्व दुनियाभर में लगातार बढ़ रहा है और 120 से अधिक देशों में सहकारी संस्थाएं छोटे एवं मध्यम आय वर्ग के समुदायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अमीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की पहल से देश में सहकारी क्षेत्र को नई गति मिली है। उन्होंने नेशनल को-ऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड, भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड, नेशनल को-ऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड और भारत टैक्सी जैसी नई राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे किसानों, सहकारी संस्थाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

क्रेडिट सोसायटियों के संदर्भ में अमीन ने कहा कि स्मॉल फाइनेंस बैंकों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच ऑनलाइन और कम्प्यूटरीकृत सेवाओं का विस्तार, सदस्यता बढ़ाना, जमा एवं ऋण संरचना में सुधार और अधिक लचीली ऋण व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कहा कि क्रेडिट सोसायटियों को कारीगरों, राजमिस्त्रियों, लोहारों, दर्जियों, निर्माण श्रमिकों, मजदूरों और अन्य निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके लिए करीब 50,000 रुपये तक के छोटे ऋण देने पर भी विचार किया जा सकता है।

इस अवसर पर फेडरेशन ने सहकारिता में अमीन के योगदान के सम्मान में ‘घनश्यामभाई अमीन सहकारी पुरस्कार’ शुरू किया। गुजरात राज्य सहकारी संघ के सहकारी प्रबंधन केंद्रों के माध्यम से संचालित डिप्लोमा इन को-ऑपरेटिव मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के 56वें और 57वें बैच के मेधावी प्रशिक्षुओं को पुरस्कार, प्रमाणपत्र और नकद राशि प्रदान की गई।

राज्य स्तरीय सेमिनार में साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल लेनदेन पर चर्चा हुई। हितेशभाई पटेल, निलेशभाई वायक और प्रवीणभाई पटेल ने संबंधित विषयों पर जानकारी दी तथा प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close