ताजा खबरें

असम की आया बैखो एफपीओ ने कृषि आदान कारोबार में किया विस्तार

असम के गोलपाड़ा जिले की आया बैखो एफपीओ कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड ने अपनी गतिविधियों का विस्तार करते हुए किसानों की सुविधा के लिए कृषि इनपुट रिटेल आउटलेट की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि संसाधन उपलब्ध कराना है।

इसका उद्घाटन राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी), गुवाहाटी के क्षेत्रीय निदेशक रॉबर्ट एच. टौथांग की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जुड़े प्रतिनिधि और किसान भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि आया बैखो एफपीओ कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड का गठन राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) द्वारा केंद्र सरकार की 10,000 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन एवं संवर्धन योजना के तहत किया गया है।

नई कृषि इनपुट आउटलेट के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, जैविक खाद, उर्वरक और अन्य कृषि सामग्री उचित कीमत पर एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे किसानों की दूरस्थ बाजारों और निजी विक्रेताओं पर निर्भरता कम होगी तथा उन्हें अपने गांव के निकट ही विश्वसनीय कृषि संसाधन मिल सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल क्षेत्र में सतत कृषि, सहायक कृषि गतिविधियों और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह किसानों की उत्पादन लागत कम करने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद करेगी।

कार्यक्रम के दौरान ‘एफपीओ प्रबंधन एवं सतत व्यवसाय को बढ़ावा’ विषय पर एक संवादात्मक कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इसमें एफपीओ के निदेशक मंडल, अधिकारी, क्लस्टर आधारित बिजनेस ऑर्गेनाइजेशन (सीबीबीओ) के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान सदस्यों ने भाग लिया।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close