
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वर्ष 2047 तक अरुणाचल प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने राज्य को दूध, अंडे, मांस और मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इन चार क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता से कम से कम 32 हजार परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
ईटानगर स्थित दोर्जी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारिता समारोह में शाह ने ‘अरुणाचल प्रदेश सहकारी दृष्टि 2047’ का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य के सहकारिता मंत्री ओजिंग तासिंग सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शाह ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में 56 हजार से अधिक लोग 185 प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, 52 दुग्ध सहकारी समितियों और 43 मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से सहकारिता आंदोलन से जुड़े हैं। राज्य में उपलब्ध जल संसाधनों और जलाशयों का उपयोग मत्स्य सहकारी समितियों के विस्तार के लिए किया जाना चाहिए। इसी तरह, अनुकूल जलवायु वाले क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अरुणाचल में उत्पादित दूध की खरीद अमूल और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधि जल्द ही राज्य का दौरा करेंगे और जिला स्तर पर दुग्ध विकास का रोडमैप तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि पूंजी की जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम और नाबार्ड सहयोग देंगे।
सीमावर्ती गांवों के विकास में सहकारी समितियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और सेना द्वारा आवश्यक वस्तुओं की खरीद स्थानीय गांवों और सहकारी संस्थाओं से करने की व्यवस्था की गई है। इससे स्थानीय महिलाएं दुग्ध उत्पाद, अंडे, सब्जियां, मोटे अनाज और आटे की आपूर्ति कर रही हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
समारोह में चार सहकारी संस्थाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें नामसाई दुग्ध सहकारी समिति, लोअर सुबनसिरी मत्स्य कृषक सहकारी समिति, केमली बहुउद्देशीय सहकारी समिति और जांग बहुउद्देशीय सहकारी समिति शामिल हैं।
इस अवसर पर शाह ने 1,500 करोड़ रुपये के मिशन शिक्षित अरुणाचल-द्वितीय चरण, 2,000 करोड़ रुपये के मुख्यमंत्री समग्र राज्य विद्युत विकास कार्यक्रम और 2,000 करोड़ रुपये के मुख्यमंत्री समग्र राज्य ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके अलावा, जीवंत ग्राम कार्यक्रम के तहत 11 सीमावर्ती जिलों में 110.95 करोड़ रुपये की 199 परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
उन्होंने अरुणाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उत्पादों के लिए एक वाणिज्यिक वेबसाइट भी शुरू की, जिससे महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उत्पादकों को बाजार तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
शाह ने कहा कि सहकारी संस्थाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक गतिविधियां बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना होना चाहिए। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित अरुणाचल प्रदेश का निर्माण भी जरूरी है।



