
समीर कुमार बनर्जी देश के सबसे बड़े यूसीबी-सारस्वत कोऑपरेटिव बैंक के नए चेयरमैन के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने निवर्तमान चेयरमैन गौतम ठाकुर का स्थान लिया है।
इसके अलावा, किशोर गुरुदास मसूरकर को बैंक का उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है। दोनों नियुक्तियों को सहकारिता मंत्रालय के अधीन सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण की मंजूरी मिल गई है।
गौरतलब है कि गौतम ठाकुर के कार्यकाल के दौरान सारस्वत बैंक के कारोबार में 70,000 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि हुई। उनके कार्यकाल में बैंक ने कारोबार के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की।
समीर कुमार बनर्जी इससे पहले सारस्वत बैंक के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और करीब पांच दशकों से बैंक से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बैचलर ऑफ साइंस (ऑनर्स) के साथ डीबीएम, एलएल.एम. और एफ.आई.आई.बी.एफ. की योग्यताएं हासिल की हैं। बैंक के साथ अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासन, ऑडिट, विधि, ट्रेजरी, परिचालन, लेखा, विपणन और परियोजना प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां संभाली हैं।
बनर्जी ने 2002 से 2017 तक बैंक के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा, वे विभिन्न प्रमुख बैंकिंग और औद्योगिक संस्थानों से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे बैंक के निदेशक मंडल की कार्यकारी एवं मानव संसाधन समिति के चेयरमैन तथा क्रेडिट समिति के सदस्य हैं।
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष किशोर गुरुदास मसूरकर ने मुंबई विश्वविद्यालय से बायोकैमिस्ट्री में एम.एससी. की डिग्री तथा प्रशासनिक प्रबंधन में डिप्लोमा हासिल किया है। वे अनुसंधान-केंद्रित फार्मास्युटिकल समूह एंटोड इंटरनेशनल ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं, जो विशेष रूप से नेत्र चिकित्सा उत्पादों के क्षेत्र में कार्य करता है।
पाठकों को याद होगा कि सारस्वत कोऑपरेटिव बैंक के 19 सदस्यीय निदेशक मंडल का चुनाव भी निर्विरोध हुआ था। बैंक का कुल कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।



