
गुजरात राज्य सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (गुजकोमसोल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए 11,479.69 करोड़ रुपये का वार्षिक कारोबार दर्ज किया है। यह महासंघ के इतिहास का अब तक का सबसे अधिक कारोबार है। इस दौरान गुजकोमसोल ने 59.93 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ भी अर्जित किया।
पिछले रविवार को आयोजित गुजकोमसोल की वार्षिक आमसभा में गुजरात के सहकारिता मंत्री जीतुभाई वाघाणी, महासंघ के अध्यक्ष दिलीप संघाणी, निदेशक मंडल के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।
गुजकोमसोल के रिकॉर्ड कारोबार में उर्वरक वितरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वित्त वर्ष 2025-26 में महासंघ और उससे संबद्ध सहकारी संस्थाओं ने 17.59 लाख मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरकों की बिक्री की। यह गुजरात के सहकारी क्षेत्र द्वारा बेचे गए कुल 43.18 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का 40.74 प्रतिशत है।
महासंघ ने इफको, कृभको, जीएसएफसी, जीएनएफसी, आईपीएल और हिंडाल्को समेत विभिन्न कंपनियों के उर्वरकों का वितरण किया। इनमें इफको सबसे आगे रहा, जिसके करीब 5.52 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री हुई।
नैनो उर्वरकों को लेकर भी गुजकोमसोल ने अपनी गतिविधियां बढ़ाईं। वर्ष के दौरान 7.63 लाख बोतल नैनो यूरिया और 2.16 लाख बोतल नैनो डीएपी वितरित किया गया। किसानों के बीच इनके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए बैठकें, प्रदर्शन और ड्रोन से छिड़काव के डेमो भी आयोजित किए गए।
महासंघ के अपने डिपो से रासायनिक उर्वरकों की बिक्री भी बढ़ी और 2025-26 में 4.16 लाख मीट्रिक टन पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह 3.93 लाख मीट्रिक टन थी।
मूल्य समर्थन योजना के तहत गुजकोमसोल ने नफेड और गुजरात सरकार के सहयोग से करीब 12.27 लाख मीट्रिक टन कृषि जिंसों की खरीद की। इस खरीद का कुल मूल्य लगभग 8,979.71 करोड़ रुपये रहा। किसानों को बड़ी मात्रा में भुगतान सीधे डीबीटी के माध्यम से किए जाने के कारण इस कारोबार का पूरा हिस्सा महासंघ की लेखा पुस्तकों में दर्ज नहीं हुआ।
वित्तीय मोर्चे पर भी गुजकोमसोल की स्थिति मजबूत हुई। महासंघ की स्थायी परिसंपत्तियां 1,570.75 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,050.08 करोड़ रुपये हो गईं, जबकि रिजर्व और अन्य निधियां 1,541.998 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,160.55 करोड़ रुपये पहुंच गईं।
कर्मचारियों के लिए वार्षिक वेतन व्यय भी 14 करोड़ रुपये से बढ़कर 34 करोड़ रुपये हुआ। वहीं, कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष कर दी गई।
‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष’ के अवसर पर आमसभा में सहकारी क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, गांधीनगर स्थित गुजकोमसोल मुख्यालय में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किया गया।



