ताजा खबरें

भारत टैक्सी: बिपिन पटेल और राम प्रकाश चौधरी निर्विरोध निर्वाचित

सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण (सीईए) ने सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) के निदेशक मंडल के चुनाव परिणामों को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कृभको के बिपिनभाई नारणभाई पटेल और नेफेड के राम प्रकाश चौधरी सामान्य श्रेणी से निर्विरोध निदेशक निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

सीईए द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्राधिकरण ने बहु-राज्य सहकारी समिति नियम, 2002 के नियम 19एम के तहत रिटर्निंग ऑफिसर की सिफारिशों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

बता दें कि नेफेड के निदेशक मंडल ने 18 जून 2026 को पारित प्रस्ताव के माध्यम से राम प्रकाश चौधरी को सहकार टैक्सी के निदेशक मंडल में अपना प्रतिनिधि नामित किया था। वहीं, कृभको के निदेशक मंडल ने 23 जून 2026 को पारित प्रस्ताव के तहत बिपिनभाई नारणभाई पटेल को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था।

निदेशक मंडल के गठन के बाद सहकारिता जगत में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि गुजरात से आने वाले और गुजकॉमासोल के उपाध्यक्ष बिपिनभाई पटेल सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के अगले अध्यक्ष बन सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो वे जीसीएमएमएफ (अमूल) के प्रबंध निदेशक जयन मेहता का स्थान लेंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सीईए ने रिटर्निंग ऑफिसर को चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा करने तथा निर्वाचित निदेशकों के नाम समिति की वेबसाइट पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं।

सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड की स्थापना सहकारिता मंत्रालय के “सहकार से समृद्धि” के विजन के तहत की गई है। इस बहु-राज्य सहकारी संस्था का लक्ष्य टैक्सी चालकों को अधिक आय सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें निजी ऐप-आधारित टैक्सी एग्रीगेटर्स को भारी-भरकम कमीशन न देना पड़े।

सहकार टैक्सी के प्रवर्तक सदस्यों में जीसीएमएमएफ (अमूल), नेफेड, इफको, कृभको, एनसीईएल, एनसीओएल सहित कई राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख सहकारी संस्थाएं शामिल हैं।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close