
देशभर के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और जैविक उत्पादों की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (एनसीओएल) ने सोमवार को अमेज़न इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
समझौते पर हस्ताक्षर केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष भूटानी तथा दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नई दिल्ली में किए गए।
इस साझेदारी का उद्देश्य अमेज़न के व्यापक ई-कॉमर्स नेटवर्क, पेशेवर कैटलॉगिंग सेवाओं और देशव्यापी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था का उपयोग कर एनसीओएल के प्रमुख ब्रांड ‘भारत ऑर्गेनिक्स’ के उत्पादों की दृश्यता और उपलब्धता बढ़ाना है।
यह पहल सहकारिता मंत्रालय के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य सहकारी किसानों और समितियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करना है।
एमओयू पर एनसीओएल के प्रबंध निदेशक विपुल मित्तल और अमेज़न इंडिया के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सहकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव रमन कुमार सहित मंत्रालय, एनसीओएल और अमेज़न इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समझौते के तहत देशभर के सहकारी किसानों द्वारा उत्पादित प्रमाणित जैविक उत्पादों को अमेज़न के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विपणन किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को ‘भारत ऑर्गेनिक्स’ ब्रांड के तहत प्रामाणिक जैविक खाद्य उत्पादों तक आसान पहुंच मिलेगी, वहीं किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
वर्ष 2023 में बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम के तहत स्थापित एनसीओएल, सहकारी क्षेत्र में उत्पादित जैविक उत्पादों के संग्रहण, प्रमाणन, परीक्षण, ब्रांडिंग और विपणन के लिए एक राष्ट्रीय छत्र संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। इसे एनडीडीबी, जीसीएमएमएफ (अमूल), नेफेड, एनसीसीएफ और एनसीडीसी जैसी अग्रणी सहकारी संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है।
एनसीओएल वर्तमान में ‘भारत ऑर्गेनिक्स’ ब्रांड के तहत दालें, चावल, आटा, मसाले, सूखे मेवे और प्राकृतिक मिठास उत्पादों सहित अनेक जैविक उत्पादों का विपणन कर रहा है। संगठन ने उपभोक्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ भी साझेदारी की है।
इससे पहले एनसीओएल ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ज़ेप्टो तथा अन्य ऑनलाइन किराना सेवाओं के साथ समझौते किए थे। इसी वर्ष मार्च में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘भारत ऑर्गेनिक्स’ के डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (डी2सी) प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एनसीओएल से देशभर की 11,000 से अधिक सहकारी समितियां जुड़ी हुई हैं। अमेज़न इंडिया के साथ यह नई साझेदारी भारत के सहकारी जैविक क्षेत्र को नई गति देने के साथ-साथ प्रमाणित जैविक उत्पादों को देशभर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



