ताजा खबरें

बिहार में पैक्स चुनाव; सुनील निर्विरोध चुने गए

बिहार में चल रहे प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के चुनावों में बिस्कोमान के अध्यक्ष और आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह को राज्य के सारण जिले में स्थित डुमरी-बुज़ुर्ग पैक्स के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है। चुनाव में सिंह के खिलाफ किसी ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था।

बिहार में 8,463 पैक्स समितियां हैं, जिनमें से लगभग 1500 का चुनाव चल रहा है। अधिकांश समितियों का चुनाव पिछले साल हुआ था लेकिन कई कारणों से कुछ पैक्सों का चुनाव स्थगित हो गया था। वर्तमान में बची हुई पैक्स का चुनाव चल रहा है।

भारतीय सहकारिता से बात करते हुए, सिंह ने कहा, “पूरे भारत में 95,238 पैक्स में सर्वाधिक 8500 सदस्यों वाला डुमरी-बुजुर्ग पैक्स(सारण,बिहार) के समस्त सदस्यों, शुभचिंतकों एवमं अपने प्रिय ग्रामवासियों के प्रति दिल की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूँ कि उन्होंने मुझे पैक्स का निर्विरोध अध्यक्ष बनाकर सम्मानित किया है। उल्लेखनीय है कि डुमरी-बुजुर्ग पंचायत के समस्त मतदाता पैक्स के सम्मानित सदस्य हैं।”

“मुझे लगातार तीसरी बार पैक्स का अध्यक्ष चुना गया है। हालांकि हमारा चुनाव पिछले साल होना था, लेकिन चुनाव प्राधिकरण को चुनाव आयोजित कराने के लिए शुल्क का भुगतान नहीं करने के कारण चुनाव में देरी हुई। हमारा तर्क था कि चुनाव कराना सरकार का काम है फिर पैक्स इसके लिए क्यों पैसा दे। अंत में, लंबी लड़ाई के बाद सरकार ने चुनाव की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि नियमों के मुताबिक, 700 सदस्यों वाली समिति को चुनाव के लिए 5000 रुपये देना होता है”, उन्होंने कहा।

बता दें कि पैक्स के चुनावों की घोषणा दो चरणों में की गई थी। पहले चरण का चुनाव 30 जनवरी को समाप्त हुआ और दूसरे चरण का चुनाव 15 फरवरी को होगा। मतदान सुबह 6.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती की जाएगी।

पूरी चुनाव प्रक्रिया 17 फरवरी 2021 तक पूरी हो जाएगी। पैक्स सदस्य चुनाव में उम्मीदवार और मतदाता होते हैं। खंड विकास अधिकारी को आमतौर पर रिटर्निंग ऑफिसर बनाया जाता है।

पाठकों को याद होगा कि इससे पहले 2019 आयोजित पैक्स के चुनावों में, बिहार राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही और बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे को निर्वाचित घोषित किया गया था।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close