
इफको के अध्यक्ष दिलीप संघानी ने नई दिल्ली स्थित इफको मुख्यालय में दक्षिण कोरिया की वित्तीय संस्था एनएच कैपिटल के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनएच कैपिटल के सीईओ जोंगवान जांग और प्रबंध निदेशक एवं सीएफओ जैसुन किम ने किया।
बैठक में इफको किसान फाइनेंस के माध्यम से दोनों संस्थाओं के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, वित्तीय सेवाओं का विस्तार करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और नए कारोबारी अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
बैठक में ग्रामीण भारत में सुलभ, किफायती और भरोसेमंद वित्तीय सेवाओं की बढ़ती जरूरत पर विशेष जोर दिया गया।
इफको किसान फाइनेंस लिमिटेड (आईकेएफएल), भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) द्वारा प्रवर्तित एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) है। इसका उद्देश्य पारदर्शी और नैतिक ऋण प्रक्रियाओं के माध्यम से ग्रामीण ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करना है। कंपनी नए और पुराने ट्रैक्टरों, कृषि उपकरणों, कंबाइन हार्वेस्टर, पुराने वाणिज्यिक वाहनों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा आपूर्ति शृंखला वित्तपोषण के क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करती है।
वर्ष 1967 में केवल 57 सहकारी समितियों के साथ स्थापित इफको आज 36 हजार से अधिक सहकारी समितियों के व्यापक नेटवर्क वाली प्रमुख सहकारी संस्था बन चुकी है।
वहीं, वर्ष 2007 में स्थापित एनएच कैपिटल दक्षिण कोरिया के एनएच फाइनेंशियल ग्रुप और नोंगह्योप कृषि सहकारी व्यवस्था से जुड़ी वित्तीय संस्था है।
दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग से ग्रामीण ऋण व्यवस्था, जोखिम प्रबंधन, तकनीकी क्षमता और वित्तीय सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं। इससे किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को कृषि मशीनीकरण, परिवहन, उपकरणों तथा छोटे व्यवसायों में निवेश के लिए संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
दिलीप संघानी ने इस साझेदारी पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सहयोग के नए अवसर खुलेंगे और भारत के ग्रामीण एवं सहकारी वित्तीय क्षेत्र को नई गति मिलेगी।



