
सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, डॉ. समित शर्मा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित अपने कक्ष में विभागीय अधिकारियों की टू-डू लिस्ट की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को पूरे मनोयोग से कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्यों के निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्पष्ट प्राथमिकताओं के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम करने से विभागीय कार्यप्रणाली में गति, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
शासन सचिव ने टू-डू लिस्ट में शामिल प्रत्येक कार्य की वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना (फ्यूचर प्लान ऑफ एक्शन), संभावित समयसीमा और अपेक्षित परिणामों पर विस्तार से चर्चा की।
समीक्षा के दौरान सहकार वन की स्थापना, विभाग में भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली, बायोमीट्रिक उपस्थिति, डीपीसी, प्रशिक्षण, सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती, भारत टैक्सी की शुरुआत, गोदाम निर्माण, गोदामों का डब्ल्यूडीआरए रजिस्ट्रेशन, कस्टम हायरिंग सेंटर्स की स्थापना और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र जैसे प्रमुख बिंदुओं पर अब तक की प्रगति का आकलन किया गया।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को इन कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टू-डू लिस्ट केवल कार्यों की सूची नहीं, बल्कि विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति का प्रभावी माध्यम है। सभी अधिकारी अनुभाग स्तर पर नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें और विभाग में परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करें।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।



