ताजा खबरें

संघानी की जीत पर लगा बधाइयों का तांता

सोशल मीडिया पर सहकारी नेताओं, भाजपाइयों समेत अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं/ कार्यकर्ताओं ने दिलीप संघानी को जीत पर बधाई दी। बुधवार को हुए चुनाव में संघानी को उर्वरक सहकारी संस्था इफको के 17वें अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है।

नेफकॉब के अध्यक्ष ज्योतिंद्र मेहता ने संघानी को बधाई देते हुए अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा, “सहकारी क्षेत्र का सर्वोच्च स्थान, न केवल एनसीयूआई बल्कि इफको भी।” बता दें कि वर्तमान में संघानी एनसीयूआई के भी अध्यक्ष हैं।

चुनाव के तुरंत बाद संघानी ने केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला से उनके आवास पर मुलाकात की। रूपाला ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ग्रामीण व कृषि परिवेश को अधिक बेहतर बनाने के साथ-साथ विश्व में पहली बार नैनो यूरिया तकनीक विकसित करने वाली सहकारी संस्था इफको के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर आज दिल्ली आवास पर मुलाक़ात कर, परम मित्र श्री दिलीप संघानी जी को शुभकामनाएँ दी।”

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, गुजरात के कैबिनेट मंत्री आर सी मकवाना, भरूच से भाजपा विधायक दुष्यंत पटेल, पूर्व सांसद दिलीप पटेल समेत अन्य प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने उनको जीत की बधाई दी।

इसके अलावा, एनसीडीसी के प्रबंध निदेशक संदीप नायक, नेफेड के प्रबंध निदेशक संजीव चड्ढा, अमूल के उपाध्यक्ष वलमजी आर हुंबल, बिस्कोमॉन के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित अन्य सहकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से संघानी को शुभकामनाएं दीं।

बनास डेयरी के अध्यक्ष शंकर चौधरी ने लिखा, “देश के सबसे बड़े सहकारी संगठन इफको के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। जमीनी स्तर पर और प्रशासनिक कौशल में उनका अनुभव संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। मेरी शुभकामनाएं।”

“भारतीय सहकारी संवाद” के रूप में जाना जाने वाला व्हाट्सएप ग्रुप, जिसमें देश भर के सहकारी नेता जुडे हैं, ने भी संघानी को बधाई दी।

इसी तरह, सहकार भारती कार्यकर्ता द्वारा संचालित एक अन्य व्हाट्सएप ग्रुप, जिसे “बिना सहकार नहीं संस्कार” के नाम से जाना जाता है, ने भी संघानी को बधाई दी। विभिन्न क्षेत्रों के सहकारी नेताओं द्वारा चलाए जा रहे तीन-चार व्हाट्सएप ग्रुप हैं जिन्होंने संघानी को उनकी जीत की बधाई दी है।

पाठकों को याद होगा कि इफको के पूर्व अध्यक्ष बलविंदर सिंह नकई के निधन के बाद से यह पद खाली था।

दिलीप संघानी सहकारिता क्षेत्र के एक बड़े नाम हैं। वे 2017 से गुजरात राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (गुजकोमासोल) के भी अध्यक्ष हैं। इससे पहले वे गुजरात सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। संघानी के पास कृषि, सहकारिता और पशुपालन, मत्स्य, गौ पालन, जेल समेत अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रभार था।

2019 में संघानी इफको के उपाध्यक्ष चुने गए थे और 2021 में उन्हें नेशनल कोआपरेटिव यूनियन ऑफ इंडिया (एनसीयूआई) का अध्यक्ष चुना गया था। एनसीयूआई भारत में सहकारिता क्षेत्र की सर्वोच्च संस्था हैं।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close