ताजा खबरें

इफको और कृभको ने एफएआई के कई अवॉर्ड बटोरे

नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में हाल ही में आयोजित फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) के तीन दिवसीय वार्षिक सेमिनार में उर्वरक सहकारी संस्था इफको और कृभको ने कई अवॉर्ड बटोरे।

केंद्रीय उर्वरक राज्य मंत्री मनसुखभाई मंडाविया ने उर्वरक उद्योग के दिग्गजों की उपस्थिति में विजताओं को अवॉर्ड दिया। इस मौके पर इफको का प्रतिनिधित्व डॉ यू एस अवस्थी- एमडी, राकेश कपूर, योगेंद्र कुमार समेत अन्य ने किया जबकि कृभको के एमडी राजन चौधरी, वीएस सिरोही अन्य अधिकारियों के साथ उपस्थिति थे।

केंद्रीय उर्वरक राज्य मंत्री मनसुखभाई मंडाविया ने कहा कि मोदी सरकार गरीब-समर्थक, किसान-समर्थक और उद्योग-हितैषी है। मंडाविया ने इस अवसर का उपयोग उर्वरक कंपनियों को प्रोत्साहित करने के लिए किया, ताकि वे प्रोडक्शन की योजना बनाते समय किसानों के बारे में सोचें।

इस अवसर पर दो लोगों – आईसीएआर के पूर्व डीजी प्रो पंजाब सिंह को कृषि विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए और अनुसंधान और उर्वरक उद्योग के विकास के क्षेत्र में पूर्व डीजी आईएफए ल्यूक मेने को “यू.एस.अवस्थी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” भी दिया गया, जिसमें स्मृति चिन्ह के अलावा, विजेता को 25 लाख रुपये का चेक दिया जाता है।

इस मौके पर इफको ने नौ और कृभको ने चार पुरस्का जीते। इफको की कांडला इकाई ने 2019-20 के लिए पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि ओडिशा स्थित इफको परादीप इकाई ने एफएआई पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार जीतकर लगातार तीसरे वर्ष में भी प्रथम आने का क्रम जारी रखा।

इसके अलावा, इफको मार्केटिंग हेड योगेंद्र कुमार को अगस्त 2019-20 के लिए इंडियन जर्नल ऑफ फर्टिलाइजर्स के 2020 अंक में प्रकाशित नैनो फर्टिलाइजर्स पर एक लेख के लिए एफएआई का प्रथम पुरस्कार दिया गया।

इफको ने वर्ष 2019-20 के लिए “भारत में माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का संवर्धन और विपणन” पुरस्कार जीता। इफको को इम्प्रूव्ड फार्म टेक्नोलॉजीज के हस्तांतरण के लिए एक विशेष पुरस्कार दिया गया। इफको फूलपुर इकाई 2019-2020 के लिए “नाइट्रोजन उर्वरकों के सर्वोत्तम उत्पादन प्रदर्शन पुरस्कार” के लिए रनर अप रही।

कृभको को सर्वश्रेष्ठ वीडियो फिल्म का निर्माण करने के लिए विशेष अवार्ड मिला, जिसका शीर्षक “उचित मात्रा-अधिक उत्पादन” था। इसके विपणन निदेशक वी एस सिरोही ने केंद्रीय राज्य मंत्री मनसुख मंडाविया से पुरस्कार प्राप्त किया। दूसरी सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी संस्था वर्ष 2019-20 के लिए ट्रांसफर ऑफ इम्प्रूव्ड फार्म टेक्नोलॉजीज पर एफएआई गोल्डन जुबली अवार्ड की विजेता भी थी।

इसके अलावा, कृभको ने वर्ष 2019-20 के लिए बायोफर्टिलाइज़र/ऑर्गेनिक फ़र्टिलाइज़र/सिटी कम्पोस्ट के उत्पादन, संवर्धन और विपणन पर एफएआई पुरस्कार भी जीता। कृभको, सूरत को वर्ष 2019-20 के लिए नाइट्रोजन उर्वरक संयंत्रों की श्रेणी में एफएआई पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार के लिए रनर अप घोषित किया गया।

इस वर्ष के सेमिनार का विषय “कोविड-19 के दौरान उर्वरक और कृषि” था।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close