
मध्य प्रदेश सरकार ने सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नौ वित्तीय रूप से कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों (डीसीसीबी) के लिए 325 करोड़ रुपये की पूंजीगत सहायता मंजूर की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। इस राशि का उद्देश्य बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारना और उनके पूंजी आधार को मजबूत करना है।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के लंबित चुनावों को एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाने की मंजूरी दी गई।
सरकार के अनुसार, पहले से वंचित ग्राम पंचायतों में समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है और नवगठित समितियों में अभी सभी जगह कामकाज शुरू नहीं हुआ है।
कैबिनेट का मानना है कि समितियों के पूरी तरह कार्यशील होने से पहले चुनाव कराने पर कानूनी और प्रशासनिक कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं। इस विस्तार से पैक्स के निर्वाचित प्रतिनिधियों की विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भागीदारी सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। सहकारिता विभाग को सहकारी समितियां अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्यवाही करने का अधिकार दिया गया है।
इसके अलावा, कैबिनेट ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गोवंश के संरक्षण के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना लागू करने को भी मंजूरी दी।
वर्ष 2026-27 में पहले चरण में 208 चिन्हित वृंदावन गांवों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन दुग्ध उत्पादकों को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। वर्ष 2027-28 से इस योजना का विस्तार सभी 313 विकासखंडों तक किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य राज्य में दुग्ध उत्पादन को दोगुने से अधिक बढ़ाना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।



