
भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ (एनसीयूआई) की गवर्निंग काउंसिल के ग्रुप-II निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों के चुनाव परिणामों को सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण (सीईए) ने औपचारिक मंजूरी दे दी है।
मंगलवार को जारी आदेश में सीईए ने रिटर्निंग ऑफिसर की सिफारिशों को मंजूरी देते हुए पांच निर्वाचित सदस्यों के नामों को स्वीकृति प्रदान की।
निर्वाचित सदस्यों में इफको के चेयरमैन दिलीप संघाणी, नेफेड के निदेशक मोहनभाई कुंदरिया, कृभको के निदेशक बिपिनभाई पटेल, एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह और एनडीडीबी के चेयरमैन मीनेश शाह शामिल हैं।
जीसी के चुनाव में विशाल सिंह को सर्वाधिक 11 वोट मिले, जबकि दिलीप संघाणी को 10 और मोहनभाई कुंदरिया को 9 वोट प्राप्त हुए। बिपिनभाई पटेल और मीनेश शाह को आठ-आठ वोट मिले। मतगणना के दौरान एक वोट निरस्त कर दिया गया।
18 जुलाई को हुए चुनाव में सभी 16 पात्र मतदाताओं ने मतदान किया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (एनसीईएल), राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (एनसीओएल) और भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल) द्वारा डाले गए वोटों को सीलबंद लिफाफे/बॉक्स में रखकर गणना में शामिल नहीं किया गया।
सीईए ने निर्देश दिया है कि चुनाव परिणामों को एनसीयूआई की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि एनसीयूआई के पदाधिकारियों के चुनाव का कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
पांच ग्रुप-II सीटों के परिणामों को मंजूरी मिलने के साथ एनसीयूआई गवर्निंग काउंसिल के चुनाव की प्रक्रिया समाप्ति के करीब पहुंच गई है। हालांकि, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित पदाधिकारियों के चुनाव की तारीख और कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं की गई है।



