
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना के दूसरे चरण के तहत 6,36,036 पात्र किसानों को 5,086 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ सीधे ऑनलाइन हस्तांतरण के जरिए दिया।
सह्याद्री गेस्ट हाउस से किए गए इस हस्तांतरण के साथ राज्य में अब तक 12,58,243 किसानों को कुल 10,115 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ मिल चुका है।
फडणवीस ने बताया कि कर्जमाफी का वितरण लगातार जारी है और लाभार्थियों की संख्या नियमित रूप से अपडेट की जा रही है। अब तक 13.70 लाख ऋण खातों का आधार प्रमाणीकरण पूरा किया जा चुका है।
दूसरे चरण में छत्रपति संभाजीनगर संभाग के 3.02 लाख किसानों को 2,284 करोड़ रुपये, अमरावती के 1.46 लाख किसानों को 1,208 करोड़ रुपये, नासिक के 84,813 किसानों को 756 करोड़ रुपये, पुणे के 49,224 किसानों को 417 करोड़ रुपये, नागपुर के 44,864 किसानों को 366 करोड़ रुपये और कोंकण के 9,054 किसानों को 54 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजित पवार, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



