
कर्नाटक के गदग जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कित्तूर रानी चेन्नम्मा अर्बन क्रेडिट सौहार्द सहकारी लिमिटेड को दो जमाकर्ताओं के 17.63 लाख रुपये लौटाने का निर्देश दिया है।
द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला ने सोसायटी में 9.5 लाख रुपये की एफडी कराई थी, जिस पर उसे सालाना 12 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का वादा किया गया था। हालांकि, परिपक्वता के बाद राशि वापस मांगने पर सोसायटी ने कथित तौर पर भुगतान नहीं किया।
दूसरी शिकायतकर्ता 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला थीं, जिनकी नवंबर 2025 में परिपक्व हुई 5 लाख रुपये की एफडी सहित अन्य जमा राशि का भुगतान भी लंबित था। दोनों जमाकर्ताओं की सावधि जमा, बचत खातों और आवर्ती जमा (आरडी) में कुल 17.63 लाख रुपये अटके हुए थे।
भुगतान नहीं मिलने पर दोनों ने उपभोक्ता आयोग का रुख किया था। आयोग ने अपने आदेश में सोसायटी को पूरी मूल जमा राशि के साथ लागू ब्याज लौटाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, 20,000 रुपये मुआवजे और 5,000 रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने का भी आदेश दिया।



