
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) में सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार ने अलग-अलग अधिसूचनाओं के माध्यम से बोर्ड में नए निदेशकों को नामित किया है।
मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत, बिहार राज्य दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सुधा डेयरी) के अध्यक्ष कपिल अशोक शिरसाट तथा हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ लिमिटेड (वीटा डेयरी) के अध्यक्ष राम अवतार गर्ग को राज्य सहकारी डेयरी संघों के प्रतिनिधि के रूप में एनडीडीबी बोर्ड में निदेशक नामित किया गया है।
एक अन्य अधिसूचना के तहत केंद्र सरकार ने एनडीडीबी के कार्यकारी निदेशक (ऑपरेशंस) एस. रेगुपति को एनडीडीबी बोर्ड में पूर्णकालिक निदेशक के रूप में नामित किया है। उनका कार्यकाल एनडीडीबी में उनकी सेवा अवधि के साथ सह-समाप्त (को-टर्मिनस) रहेगा या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो।
इन नियुक्तियों को एनडीडीबी के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक प्रभावी एवं प्रतिनिधिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



