
हिमाचल प्रदेश में सहकारिता को ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बनाने की दिशा में कई नई पहल की जा रही हैं। इनका उद्देश्य जमीनी स्तर की सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ उनके सदस्यों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ाना है।
केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, राज्य में नई सहकारी समितियों के गठन, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण, ऋण तक आसान पहुंच और डेयरी सहकारी समितियों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इन पहलों से सहकारी संस्थाओं को अधिक पारदर्शी, कुशल और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सहकारिता का सीधा लाभ मिल सके।
मंत्रालय का कहना है कि हिमाचल में सहकारिता क्षेत्र में हो रहा बदलाव केवल नई समितियों और बढ़ते आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर सहकारी सदस्यों की आय, रोजगार और आजीविका पर भी दिखाई दे रहा है।
पैक्स के कंप्यूटरीकरण से ग्रामीण स्तर पर बैंकिंग और ऋण सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है, वहीं डेयरी सहकारी समितियों के विस्तार से किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार और नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है।



