
इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपने नैनो डीएपी का पंजीकरण दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सफलतापूर्वक करा लिया है।
इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए इफको के चेयरमैन दिलीप संघाणी और प्रबंध निदेशक के. जे. पटेल ने कहा कि यह सफलता “सहकारिता के माध्यम से समृद्धि” के संदेश को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि कोलंबिया में पहले नैनो उर्वरकों के लिए कोई स्पष्ट नियामकीय ढांचा या प्रोटोकॉल मौजूद नहीं था। लगभग डेढ़ वर्ष तक लगातार तकनीकी चर्चा और समन्वय के बाद वहां आवश्यक नियम विकसित किए गए, जिसके बाद नैनो डीएपी को मंजूरी मिल सकी।
संघाणी ने इसे भारतीय सहकारिता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इफको नवाचार आधारित और किसान-केंद्रित कृषि मॉडल को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इफको टिकाऊ खेती, आधुनिक तकनीक और किसान सशक्तिकरण के माध्यम से वैश्विक सहकारी आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



