
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नागझिरी स्थित अडानी एग्रो साइलो उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यह केंद्र सेवा सहकारी समिति दताना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उपार्जन व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया तथा पारदर्शिता को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी। किसानों ने फसल खरीदी, भंडारण व्यवस्था और पूरी प्रक्रिया की कार्यप्रणाली को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें तौल प्रणाली, गुणवत्ता जांच और अभिलेखों के रखरखाव की प्रक्रिया शामिल रही। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनी रहे।
जमीनी स्थिति का जायजा लेने के बाद डॉ. यादव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने, बाधाओं को दूर करने तथा हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



