
गुजरात स्थित कालूपुर कमर्शियल को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन पद पर मिनिशभाई पटेल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
चेयरमैन चुने जाने पर भारतीय सहकारिता से बातचीत करते हुए मिनिशभाई पटेल ने कहा, “हमारा लक्ष्य बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। हम ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक दोनों प्रकार की वृद्धि पर ध्यान देंगे तथा बैंक के कारोबार का और विस्तार करेंगे। हमारा उद्देश्य प्रतिवर्ष 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की व्यवसायिक वृद्धि हासिल करना है।”
उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में अपने कोर बैंकिंग सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर इंफोसिस फिनैकल प्लेटफॉर्म अपनाया है। भविष्य में भी हम तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर जोर देंगे।”
मिनिशभाई पटेल व्यवसायी होने के साथ-साथ बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं।
हाल ही में आयोजित बैंक की वार्षिक आम सभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बैंक ने 23,000 करोड़ रुपये से अधिक का कुल व्यवसाय तथा 215.86 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज करने की जानकारी दी।



