
अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पाद बेचने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने देशभर में अमूल दूध की प्रमुख श्रेणियों के दाम में प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं।
फेडरेशन के अनुसार, यह मूल्य वृद्धि अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में लगभग 2.5 प्रतिशत से 3.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के बराबर है, जो औसत खाद्य मुद्रास्फीति दर से कम है। संस्था ने यह भी कहा कि मई 2025 के बाद पहली बार अमूल दूध की कीमतों में संशोधन किया गया है।
फेडरेशन ने बताया कि दूध उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि के कारण यह फैसला लिया गया है। पशु आहार, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की बढ़ती कीमतों से डेयरी संचालन पर अतिरिक्त भार पड़ा है।
संस्था के अनुसार, पिछले एक वर्ष में सदस्य दुग्ध संघों ने किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में फैट के आधार पर लगभग 30 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की है।
अमूल ने कहा कि उपभोक्ताओं से प्राप्त राशि का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दुग्ध उत्पादक किसानों तक पहुंचाया जाता है। संस्था के मुताबिक, नई मूल्य वृद्धि से डेयरी किसानों को आर्थिक सहयोग मिलेगा और दूध उत्पादन बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलेगा।



