ताजा खबरें

बीबीएसएसएल ने गोवा की सहकारी संस्था से की साझेदारी

भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल), नई दिल्ली ने गोवा की आदर्श कृषि सहकारी खरीदी-विक्री प्रक्रिया संस्था मर्यादित (एकेएसकेवीपीएस), बल्ली, क्यूपेम के साथ उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों की आपूर्ति एवं वितरण के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस समझौते को राज्य में किसानों तक बेहतर गुणवत्ता वाले बीजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

इस साझेदारी के तहत एकेएसकेवीपीएस गोवा में नोडल सहकारी एजेंसी के रूप में कार्य करेगी और बीबीएसएसएल के साथ मिलकर सहकारी नेटवर्क के माध्यम से किसानों तक प्रमाणित बीजों की पहुंच बढ़ाने का कार्य करेगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से विकसित बीज उपलब्ध कराना है, जिससे कृषि उत्पादकता और फसल की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

इस पहल से किसानों की गैर-प्रमाणित और निम्न गुणवत्ता वाले बीजों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बीबीएसएसएल और एकेएसकेवीपीएस के अधिकारियों के अनुसार, यह सहयोग टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और किसानों की आय में सुधार लाने में भी सहायक होगा। बीबीएसएसएल राज्य में बीज आपूर्ति समन्वय, तकनीकी सहयोग तथा जागरूकता गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

समझौते के तहत दोनों संस्थाएं केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं, सब्सिडी कार्यक्रमों, किसान कल्याण योजनाओं और उत्पादकता वृद्धि मिशनों के साथ भी तालमेल स्थापित करेंगी, ताकि किसानों को सरकारी सहायता कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ मिल सके।

यह साझेदारी गोवा में सहकारी आंदोलन को नई मजबूती देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बीबीएसएसएल की बीज वितरण विशेषज्ञता और एकेएसकेवीपीएस की स्थानीय स्तर पर किसानों तक मजबूत पहुंच को मिलाकर राज्य में अधिक प्रभावी और किसान-केंद्रित बीज वितरण तंत्र विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता सहकारिता आधारित कृषि विकास और सतत ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close