
केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश कैडर के 1997 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी शिव पाल सिंह को सहकार मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया है।
आधिकारिक आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। उनका कार्यकाल 15 मार्च 2029 तक अथवा अगले आदेश तक, कुल सात वर्षों के लिए रहेगा। वह सिद्धार्थ जैन का स्थान लेंगे।
शिव पाल सिंह ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा थर्मल इंजीनियरिंग में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से पब्लिक पॉलिसी का अध्ययन भी किया है।
अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश में वन एवं वन्यजीव प्रबंधन, प्रवर्तन और प्रशासन से जुड़े विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वह राज्य पर्यटन विभाग में विशेष सचिव तथा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।



