
मत्स्य पालन अवसंरचना विकास निधि (एफआईडीएफ) से जुड़े परियोजनाओं में उद्यमियों और मत्स्य क्षेत्र के हितधारकों की व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को रेडिसन ब्लू होटल में एक दिवसीय समीक्षा बैठक-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन केरल सरकार के मत्स्य विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें प्रमुख वित्तीय संस्थानों, नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड), नेशनल कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनसीडीसी) तथा कई अनुसूचित बैंकों, का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान मछुआरों को टिकाऊ मत्स्य पालन और समुद्री संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टर्टल एक्सक्लूडर डिवाइस भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मत्स्य अवसंरचना को मजबूत बनाने, जिम्मेदार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और एफआईडीएफ परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे इस क्षेत्र में निवेश, रोजगार और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।



