
अरुणाचल प्रदेश के नमसाई स्थित सर्किट हाउस में सोमवार को तीन दिवसीय सहकारिता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अरुणाचल प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लार्ज एरिया मल्टी-पर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी को केवल बचत और ऋण गतिविधियों तक सीमित न रखकर अन्य आयवर्धक गतिविधियों में भी सक्रिय बनाना है।
नमसाई के उपायुक्त सी. आर. खाम्पा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने “सहकार से समृद्धि” के विजन के अनुरूप सहकारी सिद्धांतों की जमीनी स्तर पर समझ को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने आजीविका सुधार में सहकारिताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए जिले में डेयरी और मत्स्य क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। साथ ही हाल ही में एक मत्स्य सहकारी समिति के पंजीकरण को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्र, क्षमता निर्माण गतिविधियां और लैम्पस के फील्ड विजिट आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को सतत और विविधीकृत विकास की दिशा में प्रोत्साहित करना है।



