
नेशनल कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनसीडीसी) ने 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का वितरण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि देश के सहकारिता क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है और सहकारी संस्थाओं की बढ़ती मजबूती, व्यापक पहुंच तथा प्रभावशीलता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
यह कीर्तिमान “सहकार से समृद्धि” पहल को और मजबूत बनाता है, जिसका उद्देश्य किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और सहकारी संस्थाओं को समय पर एवं किफायती वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है।
एनसीडीसी की बढ़ती वित्तीय सहायता ने कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, हथकरघा सहित अन्य संबद्ध क्षेत्रों को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिली है और समावेशी विकास को गति प्राप्त हुई है।
पिछले एक दशक में एनसीडीसी की प्रगति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही है। वर्ष 2014-15 में जहां कुल वितरण 5,735.51 करोड़ रुपये था, वहीं 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।



