
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाळासाहेब थोरात ने कहा कि वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीक और नियोजित कृषि पद्धतियों को अपनाकर गन्ना उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
थोरात सहकार महर्षि भाऊसाहेब थोरात सहकारी साखर कारखाना द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों के लिए खांडगांव स्थित खंडेश्वर सांस्कृतिक भवन में आयोजित “ऊस विकास मेले” को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि चीनी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यापक स्तर पर उपयोग आवश्यक है। साथ ही गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने और उत्पादकता में सुधार के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक डॉ. अशोक कडलग तथा कृषि विभाग के डॉ. अभिनंदन पाटिल ने किसानों को आधुनिक गन्ना खेती, वैज्ञानिक फसल नियोजन, उन्नत रोपण तकनीकों और उत्पादन बढ़ाने की रणनीतियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ और सहकारी क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



