
मुंबई स्थित मलाड सहकारी बैंक लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 832.63 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया है।
बैंक की 51वीं वार्षिक आमसभा (एजीएम) पिछले सप्ताह मुंबई के मलाड ईस्ट में आयोजित हुई, जिसमें प्रबंधन ने बैंक के वित्तीय प्रदर्शन के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
वित्त वर्ष के दौरान बैंक की जमा राशि 16.96 प्रतिशत बढ़कर 513.35 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, अग्रिम में 27.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 319.28 करोड़ रुपये हो गया।
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। सकल एनपीए 6.57 प्रतिशत से घटकर 4.05 प्रतिशत रह गया, जबकि शुद्ध एनपीए शून्य पर बना रहा। वर्ष के दौरान सकल एनपीए की राशि भी 16.49 करोड़ रुपये से घटकर 12.92 करोड़ रुपये हो गई।



