
सहकारी बैंकों के आधुनिकीकरण को गति देने की दिशा में छत्तीसगढ़ के सहकारिता आयुक्त एवं निबंधक, सहकारी संस्थाएं महादेव कावरे ने राज्य के 12 अर्बन को-ऑपरेटिव बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान महादेव कावरे ने बैंकों को केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू की गई नवाचार पहलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा ग्राहकों के लिए आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को अधिक सरल, सुरक्षित और प्रभावी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग तथा एईपीएस (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) जैसी डिजिटल सुविधाओं को तेजी से लागू किया जाना चाहिए।
बैठक में बैंकों को तकनीकी सहयोग प्रदान करने और सहकारी बैंकों को आधुनिक बैंकिंग तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से गठित अम्ब्रेला ऑर्गनाइजेशन से जुड़ने की भी सलाह दी गई।
अम्ब्रेला ऑर्गनाइजेशन के अधिकारी सुमित हंस ने सहभागी बैंकों को इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध तकनीकी सहयोग और विभिन्न लाभों की जानकारी दी।
बैठक में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, महासमुंद, अंबिकापुर और जगदलपुर के कई सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



