
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु के अली अस्कर रोड स्थित सहकारिता निबंधक कार्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन ‘सहकार समृद्धि सौधा’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, एच. के. पाटिल, विधायक रिजवान अरशद तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास की रीढ़ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने स्वयं इस परियोजना का भूमिपूजन किया था और उन्हें संतोष है कि करीब 19.43 करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण तीन वर्षों के भीतर पूरा हुआ।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आजीविका सुधारने में दुग्ध सहकारी समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कर्नाटक में प्रतिदिन लगभग एक करोड़ लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं आज भी राज्य की लगभग 60 प्रतिशत ग्रामीण आबादी को आवश्यक सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
इस अवसर पर डी. के. शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में सहकारिता क्षेत्र ने नेतृत्व विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।



