ताजा खबरें

कृभको: सुधाकर चौधरी चुने गए अध्यक्ष, चंद्रपाल यादव उपाध्यक्ष

देश की दूसरी सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी संस्था, कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको), ने मंगलवार को अपने नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की घोषणा की है।

वी. सुधाकर चौधरी को सर्वसम्मति से कृभको का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इससे पूर्व वे उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

वे आंध्र प्रदेश के एक प्रतिष्ठित सहकारी नेता एवं व्यवसायी हैं। सहकारी आंदोलन और कृषि क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव के साथ उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता कृभको एवं किसानों को सशक्त बनाने और सतत कृषि विकास सुनिश्चित करने के मिशन को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

इसके साथ ही, डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, एक प्रख्यात नेता एवं आईसीए-एपी के अध्यक्ष, जो पूर्व में कृभको के अध्यक्ष रह चुके हैं, उन्हें भी सर्वसम्मति से कृभको का उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सहकारी मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से कृभको के नेतृत्व दल को नई उपलब्धियों को प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन मिलेगा।

अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन 15 सितम्बर 2025 को एनसीयूआई, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा कृभको के निदेशक मंडल में डॉ. बिजेन्दर सिंह, भंवर सिंह शेखावत, मगनलाल धनजीभाई वडाविया, राजन्ना राजेन्द्रा, भीखाभाई जावेरभाई पटेल, बिपिनभाई एन. पटेल, अजय राय, श्रीमती कविता मंजरी परिदा और श्रीमती शिल्पी अरोड़ा शामिल हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष चौधरी ने निदेशक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृभको किसानों के हित में पहल, सहकारी सशक्तिकरण, उर्वरक उत्पादन में नवाचार और सतत कृषि पद्धतियों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close