
नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन (एनसीसीएफ) और द सेंट्रल फाइनेंशियल क्रेडिट एंड इन्वेस्टमेंट को-ऑपरेटिव (इंडिया) लिमिटेड (सीएफसीआईसीआई) ने सहकारी रिटेल को मजबूत करने और उपभोक्ताओं तक सहकारी उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।
यह एमओयू केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुआ। इस पहल के तहत एनसीसीएफ ने अपने ‘जनः’ उत्पादों की बिक्री भी शुरू की। इसके साथ ही एनसीसीएफ और सीएफसीआईसीआई के सहयोग से विकसित ‘वनिथम शी-मार्ट शॉप्स’ का रिमोट माध्यम से लोकार्पण किया गया।
इस साझेदारी का उद्देश्य सहकारी उत्पादों के लिए एक व्यापक रिटेल नेटवर्क तैयार करना और उपभोक्ताओं, विशेषकर महिलाओं, को सहकारी संस्थाओं के उत्पादों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है। वनिथम शी-मार्ट शॉप्स के माध्यम से ‘भारत आटा’ और ‘भारत चावल’ की बिक्री भी शुरू की गई।
इसके अलावा, एनसीसीएफ ने भारतीय मत्स्य प्रवर्तक संघम के साथ मत्स्य उत्पादों की सप्लाई चेन को एकीकृत करने के लिए एक अलग एमओयू किया।



