
नैमको बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन करते हुए 43.33 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। बैंक ने आगामी वर्ष में अपना कुल व्यवसाय 5,100 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। यह जानकारी बैंक के अध्यक्ष हेमंत धातरक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रकाश दायमा, पीआर निदेशक देवेंद्र पटेल, वरिष्ठ निदेशक वसंत गीते, सोहनलाल भंडारी, विजय साने तथा सीईओ त्रिगुण कुलकर्णी भी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष ने बताया कि बैंक की जमा राशि में 282 करोड़ रुपये की वृद्धि होकर यह 2,721 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि ऋण (एडवांस) 305 करोड़ रुपये बढ़कर 1,627 करोड़ रुपये हो गया। इसके परिणामस्वरूप बैंक का कुल व्यवसाय 587 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 4,348 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वर्तमान में बैंक का सीडी रेशियो 59.80 प्रतिशत है।
बैंक ने 71.70 करोड़ रुपये का परिचालन लाभ अर्जित किया और प्रावधान तथा करों के बाद शुद्ध लाभ 43.33 करोड़ रुपये रहा। विशेष रूप से, सकल एनपीए 13.42 करोड़ रुपये घटकर 44.77 करोड़ रुपये रह गया, जो कुल ऋण का 2.75 प्रतिशत है, जबकि शुद्ध एनपीए शून्य स्तर पर बनाए रखा गया है।
आगामी योजनाओं के तहत बैंक नासिक शहर में तीन, जिले में एक और राज्य के बाहर एक, कुल पांच नई शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, 10 शाखाओं के स्थानांतरण और 10 शाखाओं के नवीनीकरण का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।



