
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष–2025 के अवसर पर देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित सहकारी मेले के समापन समारोह में रविवार को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और सभा को संबोधित किया।
राज्यपाल ने कहा कि सहकारिता “एक सबके लिए, सब एक के लिए” की भावना का प्रतीक है और भारत की परंपरा में गहराई से रची-बसी है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएँ गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, सतत आजीविका और खाद्य सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सहकारिता मंत्रालय की स्थापना को समावेशी विकास की दिशा में दूरदर्शी कदम बताया।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सहकारी संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला देश का एकमात्र राज्य है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अब तक 11 सहकारी मेलों का आयोजन किया जा चुका है और 30 लाख से अधिक किसान सहकारी संस्थाओं से जुड़े हैं।



