
राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (एमएससीबी) को 5,000 करोड़ रुपये का कार्यशील पूंजी ऋण मंजूर किया है।
एनसीडीसी द्वारा जारी मंजूरी पत्र के अनुसार, यह ऋण उसकी डायरेक्ट फंडिंग स्कीम के तहत पांच वर्ष की अवधि के लिए स्वीकृत किया गया है।
इस राशि का उपयोग एमएससीबी अपनी सदस्य सहकारी संस्थाओं को आगे ऋण देने के लिए करेगा। इससे संबंधित सहकारी संस्थाओं को कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने और अपनी वित्तीय गतिविधियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ऋण का पुनर्भुगतान पांच वर्षों में छमाही आधार पर 10 किस्तों में किया जाएगा। एनसीडीसी के साथ परामर्श के बाद राशि का आहरण एक या एक से अधिक किस्तों में किया जा सकेगा।
महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के प्रशासक विद्याधर अनास्कर ने इस मंजूरी को महाराष्ट्र के सहकारी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा ‘सहकार से समृद्धि’ के व्यापक विजन के तहत सहकारी आंदोलन को महत्वपूर्ण वित्तीय मजबूती प्रदान करेगी।



